Monday, September 7News That Matters

मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध शराब कारोबारियों पर कसा शिकंजा

 

मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध शराब कारोबारियों पर कसा शिकंजा

 

चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद रुद्रप्रयाग में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री रमेश बंगवाल के मार्गदर्शन में विभाग की टीम लगातार जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी और सघन चेकिंग अभियान संचालित कर रही है। चारधाम यात्रा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में आबकारी विभाग द्वारा जनपद के तीनों विकासखंडों में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यात्रा मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध शराब की बिक्री, तस्करी अथवा भंडारण को रोका जा सके।

अभियान के तहत अब तक करीब 69 लीटर अवैध शराब बरामद की जा चुकी है, जिसकी अनुमानित कीमत 96 हजार रुपये से अधिक है। विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई करते हुए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 142 से अधिक छापेमारी की कार्रवाई की गई है। इन कार्रवाइयों के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है। विभाग की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल ने बताया कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 8 अप्रैल से लेकर 17 मई तक लगातार अभियान चलाया जा रहा है ।उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान बाहरी राज्यों एवं अन्य जनपदों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, ऐसे में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी स्थिति में अवैध शराब की बिक्री नहीं होने दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग की टीमें लगातार होटल, ढाबों, दुकानों, यात्रा मार्गों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही हैं। इसके अलावा पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त अभियान भी चलाए जा रहे हैं। विभाग द्वारा लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री या भंडारण की सूचना मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *